हिमाचल पथ परिवहन निगम की परिचालक भर्ती में एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। परिचालक भर्ती के लिए पेपर देने गए अभ्यर्थी ने आरोप लगाया है कि वीरवार को जो रिजल्ट निकाला गया है, उसमें एक रोलनंबर ऐसा भी है, जो पेेपर देने नहीं आया था। उसे भी परीक्षा में उत्तीर्ण बताया गया है।
एचआरटीसी परिचालक भर्ती के लिए पंकज कुमार पुत्र प्रकाश चंद, गांव सलापड़, जिला मंडी ने भी आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि उनका रोलनंबर 210260 था। टेस्ट के लिए उनका सेंटर पीजी कॉलेज ऊना था।
यहां कमरा नंबर 12 में वह पेपर देने के लिए बैठाया गया। पंकज ने बताया कि 210250 रोलनंबर वाला अभ्यर्थी उस दिन लिखित परीक्षा देने नहीं आया था। वीरवार को पथ परिवहन निगम ने लिखित परीक्षा का परिणाम निकाला तो उसमें उसका रोलनंबर भी था।
इसमें उसे उत्तीर्ण बताया गया था। आरोप लगाने वाले अभ्यर्थी का कहना है कि ऐसे कैसे हो सकता है कि जिस अभ्यर्थी ने लिखित परीक्षा नहीं दी हो और वह रिजल्ट में उत्तीर्ण हो जाए। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि परिचालक भर्ती में कितना बड़ा फर्जीवाड़ा किया गया है।