हिमाचल के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार की कभी भी घोषणा हो सकती है। मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस विषय पर चर्चा के लिए बैठक की। यह बैठक मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यालय में विधानसभा परिसर में हुई।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सुक्खू ने उम्मीदवारी के लिए कुछ नामों पर चर्चा की। यह माना जा रहा है कि जिन नामों पर चर्चा हुई, उनमें डॉ. रमेश डोगरा, प्रेम कौशल, सुरेश कुमार और प्रोमिला जैसे नाम प्रमुख हैं। जल्दी ही प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में किसी नाम पर मुहर लग जाएगी। इसी के बाद ऐसे किसी नाम को पार्टी हाईकमान को भेजा जाएगा।
वहां स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश के बाद नाम फाइनल हो जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि उपचुनाव के लिए प्रत्याशी का नाम उचित समय पर तय हो जाएगा। उधर, सुक्खू ने माना कि मंगलवार सुबह सीएम के साथ बैठक हुई है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि दो-तीन दिन में कांग्रेस का प्रत्याशी तय हो जाएगा।
भोरंज उपचुनाव के लिए पहले दिन किसी ने नहीं भरा नामांकन
भोरंज विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। एसडीएम भोरंज एसके पराशर दिन भर अपने कार्यालय में बैठे रहे लेकिन किसी ने भी नामांकन नहीं भरा। भारत निर्वाचन आयोग के सचिव की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 9 अप्रैल को सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे तक मतदान होगा। चुनाव लड़ने के लिए 21 मार्च तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे
22 मार्च को नामांकनों की छंटनी होगी। 24 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। बता दें कि 15 नवंबर 2016 को स्थानीय भाजपा विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान के निधन के बाद से यह सीट खाली है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के समक्ष चुनाव लड़ने के लिए अभी एक आवेदन आया है।
उन्होंने कहा कि तीन दिन और आवेदन मांगे गए हैं, जिसके बाद सभी नामों को पार्टी हाईकमान के पास भेजा जाएगा। जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि प्रत्याशी के नाम का चयन संसदीय बोर्ड करेगा। उन्होंने कहा कि 18 मार्च से पहले प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद ही नामांकन किया जाएगा।