नोटबंदी के खिलाफ सोमवार को विपक्षी दलों के भारत बंद के आह्वान के बीच हिमाचल पुलिस ने प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैयारी कर ली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि कानून व्यवस्था को किसी सूरत में बिगड़ने न दिया जाए।
एडीजी कानून व्यवस्था अतुल वर्मा ने बताया कि भारत बंद के दौरान इस बात पर खास ध्यान रखने को कहा गया है कि कोई किसी को जबरन बंद में शामिल होने के लिए बाध्य न कर सके। बंद के समर्थन और विरोध करने वालों के बीच किसी तरह का टकराव भी न हो।
उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, बंद के लिए लेफ्ट पार्टियों ने कमर कस ली है। पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो बंद को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कई जगहों पर बाजार बंद रहे सकते हैं, यातायात भी प्रभावित रह सकता है। ऐसे में आप पूरी तैयारी के साथ ही घर से निकलें।