स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने दी प्रशासनिक मंजूरी, तीन मीटर तक होगा चौड़ी होगी सड़क
1.21 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के सर्कुलर रोड को चौड़ा करने के प्रोजेक्ट के तहत अब बेम्लोई जंक्शन को भी चौड़ा किया जाएगा। 1.21 करोड़ रुपये के इस प्रस्ताव को स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
इसका टेंडर इसी महीने कॉल किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट का काम केंद्रीय लोक निर्माण विभाग करने जा रहा है। स्मार्ट सिटी प्रबंधन के अनुसार बेम्लोई में सीपीडब्ल्यूडी कालोनी की सड़क के जंक्शन को रिटेनिंग वॉल देकर तीन से पांच मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। अभी इस जंक्शन पर सर्कुलर रोड तंग है। कालोनी से आने वाले वाहनों के चलते कई बार यहां जाम लगता है। ऐसे में इस जगह को चौड़ा करने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार कालोनी की सड़क के एंट्री प्वाइंट से लेकर साथ लगते शराब के ठेके तक की सड़क को निचली ओर से रिटेनिंग वॉल देकर चौड़ा किया जाएगा। यह जमीन केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की है। ऐसे में संबंधित विभाग से ही इसका काम करवाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक नितिन गर्ग ने बताया कि 1.21 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
नवंबर तक पूरा होगा काम
केंद्रीय विभाग बेम्लोई में होटल होलीडे होम के नीचे भी सड़क चौड़ी करने का काम कर रहा है। इसका काम अक्तूबर-नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रबंधन के अनुसार केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को अब तक 12 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का काम दे दिया है। कई जगह काम शुरू हो चुका है। बालूगंज में कामनादेवी मंदिर के लिए भी विभाग सड़क बना रहा है। चार जून को इसका निरीक्षण किया जाएगा।
आठ को होगी स्मार्ट सिटी की बीओडी
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के निदेशक मंडल की बैठक आठ जून को रखी है। बैठक में कई नए प्रोजेक्टों को मंजूरी दी जाएगी। लोक निर्माण विभाग समेत कई अन्य विभागों ने नए प्रस्तावों की सूची स्मार्ट सिटी को भेज दी है। इन पर आठ को फैसला लिया जाएगा। कई ऐसे काम जिन्हें प्रशासनिक मंजूरी मिली है, उन पर भी इस बैठक में मुहर लगाई जाएगी।