पट्टिका लगाने के गरीब परिवारों से 100 रुपये वसूले जा रहे हैं।
- फोटो : फाइल फोटो
अब मकान पर बीपीएल पट्टिका लगाने का बोझ भी गरीब परिवार पर आ गया है। पट्टिका लगाने के गरीब परिवारों से 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। यह मामला जोल पंचायत में सामने आया है। वहीं रुपयों की रसीद भी लोगों को नहीं दी जा रही। पंचायत की ओर से एक पेंटर से यह कार्य करवाया जा रहा है। सरकार ने बीपीएल परिवारों के मकान पर पहचान पट्टिका लगाने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित पंचायतों को अपने स्तर पर कार्य करवाने के लिए कहा गया है। बीपीएल परिवार के मकान पर पहचान पट्टिका होने से अपात्र व्यक्ति बीपीएल की सुविधा का लाभ नहीं उठा सकेंगे। इसी के मद्देनजर सभी पंचायतों में बीपीएल परिवार के मकान पर पहचान पट्टिका लगाना अनिवार्य किया गया है। उपमंडल सुजानपुर के तहत पड़ने वाली जोल पंचायत में इन दिनों गरीब परिवारों से बीपीएल पहचान पट्टिका लगाने के 100 रुपये वसूल किए जा रहे हैं।
पहचान पट्टिका पर बीपीएल परिवार के मुखिया का नाम, बीपीएल संख्या और वर्ष अंकित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत जोल के पूर्व उपप्रधान संसार चंद ने बताया कि बीपीएल परिवारों से पहचान पट्टिका लगाने के सौ रुपये लिए जा रहे हैं। जबकि पंचायत को यह कार्य अपने स्तर पर करना चाहिए।
सरकार द्वारा दिए गए निर्देश सही हैं, लेकिन गरीबों से पहचान पट्टिका के रुपये वसूलना सही नहीं है। वहीं, ग्राम पंचायत प्रधान जोल कुसुम देवी का कहना है कि पंचायत को बीपीएल परिवार के मकान पर पहचान पट्टिका लगाने के आदेश मिले हैं।
पंचायत ने एक पेंटर को इस कार्य के लिए चुना है। पहले इस कार्य के लिए दो सौ से अधिक रुपये मांगे जा रहे थे। पंचायत ने रियायती दर पर कार्य शुरू करवाया है। बीपीएल परिवार अपने स्तर पर भी पहचान पट्टिका लगवा सकते हैं।
सुजानपुर के खंड विकास अधिकारी सुरजीत ठाकुर ने बताया कि सरकार से बीपीएल परिवारों के मकान पर बीपीएल पहचान पट्टिका लगाने के आदेश मिले हैं। पंचायत स्तर पर यह कार्य किया जाएगा। संबंधित पंचायत अपने स्तर पर ही इस कार्य को करवाएगी। बीपीएल पहचान पट्टिका लगवाना अनिवार्य किया गया है।