ग्राम पंचायत बफड़ी के पनाहर गांव में शादी में आए करीब दो दर्जन लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। इनमें से 9 लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर है जिसे भर्ती कर लिया है।
अन्य का स्थानीय स्तर पर ही उपचार किया गया। पनाहर गांव में लड़के की शादी थी। बारात वापस आने के बाद लोग दूल्हा दुल्हन को लेकर पीपल की फेरी लेने जा रहे थे। कुछ लोग दूल्हा-दुल्हन के आगे-आगे चले थे।
रास्ते में अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे लोग भागने लगे। भागते हुए वे घरों में घुस गए लेकिन मधुमक्खियों ने पीछा नहीं छोड़ा। मधुमक्खियों ने बाकी लोगों को भी काट लिया।
दो दर्जन से अधिक को काटा
मधुमक्खियों ने करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को काटा। बच्चों को बचाते समय पनाहर के निवासी सतीश कुमार (42) को मधुमक्खियों ने सिर और चेहरे में बुरी तरह काट लिया। इसके अलावा तनुजा (30) को भी मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया।
उसकी हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया है। अस्पताल में उपचार के लिए आए लोगों में सुमन (17), अनुजा (24), ब्यासा देवी, रेणू (23), वैशाली ठाकुर (17), विशाल ठाकुर (15) शामिल हैं।
शेष स्थानीय स्तर पर ही उपचार करवा रहे हैं। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के एसएमओ डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि मधुमक्खियों के काटे लोगों को बेहतर उपचार प्रदान किया जा रहा है। एक घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है।