शिमला जिले के तहसील जुब्बल मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर कोहलाड़ा गांव में भालू के हमले में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जुब्बल में भर्ती किया गया है।
वहीं, भालू के हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। खासकर स्कूल को जाते बच्चों को लेकर लोग चिंतित हो गए हैं। जानकारी के अनुसार लोनिवि के जुब्बल डिवीजन में तैनात पूर्ण उर्फ प्रेम शनिवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे घर से जुब्बल की ओर पैदल ड्यूटी पर आ रहा था।
कोहलाड़ा गांव के पास पहुंचते ही भालू ने उस पर हमला कर दिया। प्रेम जैसे तैसे भालू के चंगुल से छूटा लेकिन हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गया। स्थानीय लोग लहूलुहान प्रेम को जुब्बल अस्पताल ले आए।
वहीं, हमले की सूचना पुलिस थाना जुब्बल में दी गई। घायल का जुब्बल अस्पताल में उपचार चल रहा है। दहशत में आए लोगों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने की मांग की है।