बीसीसीआई अध्यक्ष और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह को छुटभैया नेता कहा है। बीसीसीआई अध्यक्ष ने यह बात विक्रमादित्य द्वारा उनके बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष होने पर सवाल उठाने के जवाब में कही। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा था कि ऐसे पदों पर प्रोफेशनल लोग होने चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि कुछ लोगों को समझ देरी से आती है जिनकी पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को ही समझ नहीं है तो छुटभैया नेताओं से क्या उम्मीद की जा सकती है। अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को हमीरपुर के बस अड्डे पर प्रयास संस्था के स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने भी झाडू लेकर सफाई की। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता अभियान में हर नागरिक की भागीदारी होनी चाहिए।
प्रयास संस्था ने सफाई के लिए अपना जो योगदान दिया है वह सराहनीय है। अनुराग ने बस अड्डे के शौचालय का निरीक्षण किया और यहां पानी की समस्या व गंदगी पर बस अड्डा प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की गंदगी चिंताजनक है। यहां पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। अनुराग ने अड्डे पर लोगों के लिए सुविधाएं देने के लिए निर्देश दिए।