हिमाचल प्रदेश का धर्मशाला फिर क्रिकेट के रोमांच के लिए तैयार हैं। इंतजार है तो बीसीसीआई की हां का। अगर बीसीसीआई की मुहर लगी तो अगले साल मार्च में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। श्रीलंका की टीम अगले वर्ष भारत के दौरे पर आ रही है। इस दौरान टेस्ट और टी-20 सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज के प्रस्तावित स्टेडियमों में धर्मशाला का नाम भी है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुमित शर्मा ने बताया कि श्रीलंका की टीम अगले साल भारत के दौरे पर आ रही है। टेस्ट और टी-20 सीरीज के लिए प्रस्तावित स्थलों में धर्मशाला का नाम भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि धर्मशाला को भी मेजबानी मिलेगी।
धर्मशाला में बारिश बन जाती है खलनायक
धर्मशाला में बेमौसमी बारिश क्रिकेट के रोमांच को कई बार धो चुकी है। हालांकि, मार्च में अमूमन मौसम साफ रहता है। धर्मशाला स्टेडियम का नाम लिस्ट में पक्का हो जाता है तो बारिश न होने के लिए एचपीसीए के पदाधिकारियों को इस बार इंद्रूनाग देवता को समय पर मनाना होगा। मान्यता है कि देवता की पूजा की जाए तो बारिश नहीं होती है। वर्ष 2019 और 2020 में भी भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैच बारिश में धुल गए थे। वर्ष 2016 धर्मशाला में होने वाले भारत-पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप का मैच रद्द हो गया था।
पर्यटन कारोबार को लगंगे पंख
धर्मशाला स्टेडियम का नाम लिस्ट में साफ होने से पर्यटन नगरी धर्मशाला में पर्यटन कारोबार को भी नए पंख लगेंगे। वहीं लंबे समय से कोरोना की मार झेल रहे होटल कारोबारियों को भी काफी राहत मिलेगी।
वर्ष 2013 में हुआ था पहला अंतरराष्ट्रीय मैच
धर्मशाला स्टेडियम में पहला अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैच 27 जनवरी 2013 को भारत और इंग्लैंड टीम के बीच खेला गया था। उसके बाद 20 अक्तूबर 2015 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। वहीं 18 मार्च 2016 को न्यूजीलैंड- ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 वर्ल्ड कप के मैच खेला गए था।