कबड्डी जगत में बीबीएन के खिलाड़ियों ने एक के बाद एक बुलंदियों को छुआ है और कीर्तिमान बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार अजय ठाकुर आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अब उन्हीं के नक्शेकदम पर चलने वाले उनके गांव दभोटा के ही एक और खिलाड़ी बलदेव सिंह का चयन भी भारतीय टीम के लिए हुआ है।
इससे नालागढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला नेपाल में 21 सितंबर को होगा। इसके लिए दभोटा के इस खिलाड़ी का चयन हो चुका है। राइट कॉर्नर खेलने वाले बलदेव सिंह इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन की ओर से नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता में भारतीय टीम से खेलेंगे।
बलदेव सिंह सब जूनियर कबड्डी नेशनल से लेकर सीनियर नेशनल खेल चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह काफी समय से कबड्डी खेलते आ रहे हैं। इंटरनेशनल कबड्डी स्टार अजय ठाकुर उनके प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने बताया इन दिनों दिल्ली में वह कबड्डी कैंप में कोचिंग ले रहे हैं।
वह 20 सितंबर को इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन की ओर से नेपाल में होने वाली प्रतियोगिता के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में उन्होंने सब जूनियर, जूनियर नेशनल 2010,12, बीच नेशनल 2013 व 2016, वर्ष 2013 से 16 तक सीनियर नेशनल खेले हैं। उन्होंने कहा उन्हें परिजनों का पूरा सहयोग मिला है। वह खेल के लिए प्रतिदिन 6 घंटे अभ्यास करते हैं।