बॉलीवुड क्वीन कंगना रणौत की शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म सिमरन को दर्शकों और आलोचक से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है। कंगना के परिजन और प्रशंसक मान रहे हैं कि उनकी यह फिल्म भी तनु वेड्स मनु की तरह सफल होगी। लिहाजा, फिल्म के लिए मिल रहे पॉजिटिव रिस्पांस से कंगना समेत उनका पूरा परिवार गदगद हो उठा है।
इस फिल्म की रिलीज से पहले प्रमोशन के दौरान कंगना ने काफी पसीना बहाया है। अब सुकून के लम्हे बिताने कंगना ने मनाली आने का मन बनाया है। दिवाली के दिन कंगना के मनाली वाले बंगले का गृह प्रवेश का कार्यक्रम रखा है। बताया जा रहा है मनाली का बंगला कंगना के लिए काफी लक्की रहा है। भारतीय वैदिक परंपरा में विश्वास रखने वाली बॉलीवुड स्टार कंगना ने इस बंगले को वास्तुशास्त्र के मुताबिक बनवाया है।
बंगले का निर्माण कर रहे ठेकेदार प्रताप ने बताया कि कंगना शूटिंग के दौरान भी बंगले को लेकर टिप्स देती रही हैं। वास्तु के हिसाब से कुछ फेरबदल भी करवाया है। अब गृह प्रवेश के लिए इसे दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। कंगना के पिता अमरदीप रणौत ने बताया कि सिमरन फिल्म को मिल रही सफलता से कंगना काफी खुश है।
बिना गॉडफादर बॉलीवुड में इस मुकाम को हासिल कर कंगना ने एक मिसाल कायम की है। कहा कि रंगून फिल्म की असफलता पर कंगना के कॅरियर को खत्म बताने वालों को उनकी बेटी ने सिमरन फिल्म से मुंहतोड़ जवाब दिया है। कंगना अब अपना प्रोडक्शन हाउस खोलकर निर्देशन में भी हाथ आजमाएंगी।