इंडोनेशिया में नौ से 22 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम की अगुवाई विश्व जूनियर नंबर एक खिलाड़ी लक्ष्य सेन करेंगे। लक्ष्य ने पिछले वर्ष भी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
इसके अलावा म्यांमार में चार से आठ अक्तूबर तक आयोजित होने वाले बैडमिंटन एशिया अंडर 17 और 15 वर्ग में उत्तराखंड से ध्रुव रावत, उन्नति बिष्ट, अदिति भट्ट और स्नेहा रजवार भी चयनित हुए हैं। राष्ट्रीय टीम में शामिल पांच खिलाड़ियों में से चार खिलाड़ी अल्मोड़ा निवासी हैं, जबकि उन्नति बिष्ट देहरादून की रहने वाली हैं।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि लक्ष्य वर्तमान में साई सेंटर अल्मोड़ा और प्रकाश पादुकोण अकादमी बंगलूरू में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि ध्रुव रावत अंडर 17 एकल में देश में नंबर एक खिलाड़ी हैं, जबकि उन्नति बिष्ट देश में तीसरे स्थान में और युगल में छठे स्थान पर हैं।
इसके अलावा अदिति भट्ट अंडर 15 एकल में सातवें तथा युगल में छठे तथा स्नेहा रजवार इसी वर्ग में एकल और युगल दोनों में आठवें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि चयनित जोशी, तुषार भंडारी, खुशी ठक्कर (दिल्ली की रहने वाली और अल्मोड़ा में प्रशिक्षण ले रही हैं) का चयन भारतीय टीम की रिजर्व सूची में हुआ है।
सभी चयनित खिलाड़ी पांच अक्तूबर तक बंगलूरू में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कैंप में भाग लेंगे। खिलाड़ियों के चयन पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार समेत जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत जोशी आदि पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।