प्रदेश विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा शाखा 12 अगस्त से विवि सभागार में बीएएमएस और बीएचएमएस की काउंसलिंग आयोजित करेगी। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने कहा कि दोनों कोर्सों के लिए ली गई प्रवेश परीक्षा का परिणाम और मेरिट विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.hpuniv.in पर उपलब्ध करवाई गई है।
कहा कि 12 अगस्त को मेरिट के आधार पर काउंसलिंग होगी। काउंसलिंग के आधार पर राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय पपरोला के लिए बीएएमएस कोर्स की सीटें भरी जाएंगी। इससे संबंधित ब्योरा साइट पर उपलब्ध है।
20 अगस्त तक करें आवेदन
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत राज्य मुक्त विद्यालय के माध्यम से सितंबर माह में ली जाने वाली परीक्षा के लिए 20 अगस्त तक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को 300 रुपये विलंब शुल्क अदा करना होगा।
इसके अलावा री-अपीअर के लिए भी प्रति विषय 300 रुपये शुल्क देकर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की लोक संपर्क अधिकारी अंजू पाठक ने बताया कि आवेदन पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट से फार्म डाउनलोड करके भरकर संबंधित एसओएस केंद्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।