इंदिरा गांधी खेल परिसर में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसका शुभारंभ उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने किया। उपायुक्त ने कहा कि यह बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात है कि जिला शिमला बैडमिंटन संघ सितंबर 2014 में पुरुष मास्टर्स चैंपियनशिप के साथ ही महिला मास्टर्स प्रतियोगिता आयोजित करने जा रहा है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेलने से न केवल इच्छा शक्ति मजबूत होती है बल्कि इससे खिलाड़ियों में आत्मविश्वास के साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहयोग मिलता है। जिला बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष चुन्नी लाल और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
चुनी लाल ने कहा कि यह प्रतियोगिता 16 से 19 जुलाई तक चलेगी। इसमें जिले भर से 300 खिलाड़ी अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 समेत पुरुष और महिला खिलाड़ी अपने-अपने वर्ग में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ओपी भोटा, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी और वरिष्ठ खिलाड़ी भी मौजूद रहे।