सोलर और इलेक्ट्रिक बैटरी वाला यह ऑटो दो साल तक एक भी रुपये मेंटिनेंस पर खर्च नहीं करवाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि सोलर बैटरी होने से यह हर समय चार्ज होती रहेगी। इस ऑटो की कीमत एक लाख 80 हजार से 3 लाख तक है।
इस ऑटो को धर्मशाला में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में भी सराहा गया था। अब इस प्रोडक्ट को लांच कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के साथ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बंगाल, गुजरात आदि राज्यों में भी प्रचारित किया जा रहा है। यह ऑटो इन दिनों अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की एक प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
कुछ नया करने की चाहत में पाई कामयाबी
इस प्रोजेक्ट को तैयार करने वाले ऑटो मोबाइल इंजीनियर एवं कंपनी के फाउंडर एवं सीईओ 36 साल के विपिन धीमान ने बताया कि वह कुछ नया करना चाहते थे। उन्होंने देखा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में एक ऐसा प्रोडक्ट पेश करना होगा, जो काफी सस्ता हो और हर किसी की पहुंच में हो। उन्होंने स्टार्टअप योजना के तहत एक प्रोडक्ट डिजाइन किया। इसे आईआईटी मंडी के सहयोग से प्रमाणित करवाया। उन्हें डेढ़ लाख की फंडिंग मिली। बाद में काफी पत्राचार और ट्रायल के बाद यह मॉडल विकसित किया गया है। स्वावलंबन योजना के तहत हिमाचल सरकार इस पर 30 फीसदी सब्सिडी दे रही है।