दस हजार फीट की ऊंचाई पर बनी अटल टनल रोहतांग अब सप्ताह में दो दिन ढाई घंटे के लिए बंद रहेगी। वाहनों की भारी संख्या से टनल पर दबाव बढ़ा है। इस कारण टनल की निरंतर मरम्मत करना जरूरी है। ऐसे में बीआरओ ने 20 दिसंबर से सोमवार और गुरुवार को एक-एक घंटे के बजाय ढाई घंटे के लिए टनल को बंद रखने का निर्णय लिया है। टनल सुबह सात से साढ़े नौ बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखी जाएगी।
विज्ञापन
गौरतलब है कि टनल में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए इसका रखरखाव किया जाता है। वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण मरम्मत करना आवश्यक हो गया है। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि अब अटल टनल रोहतांग सप्ताह में दो दिन सुबह ढाई घंटे के लिए बंद रहेगी। सुबह सात से साढ़े नौ बजे तक टनल होकर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में संपर्क किया जा सकता है।