नर्सिंग संस्थानों को बीएससी नर्सिंग के कोर्सों की मान्यता फीस में बड़ी राहत मिली है। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक ने सत्र 2024-25 का फीस कैलेंडर जारी किया है। इसमें पिछले सत्रों की अपेक्षा इस बार संस्थानों की मान्यता फीस को 29 से 76 प्रतिशत कम किया गया है। सबसे ज्यादा राहत उन संस्थानों को मिली है जो बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग करवाते हैं। इनकी अस्थायी मान्यता की फीस 76.02 प्रतिशत कम की है। बीएससी नर्सिंग की 29 प्रतिशत फीस कम हुई है। मान्यता फीस कम करने का लाभ अप्रत्यक्ष तौर पर यहां पढ़ने वाले प्रशिक्षुओं को भी मिल सकता है।
बीएससी नर्सिंग की बात की जाए तो अब नए कैलेंडर के मुताबिक अस्थायी मान्यता के लिए संस्थान से कुल फीस 1.85 लाख रुपये ली जाएगी जबकि 2022-23 में यह फीस 2.48 लाख रुपये थी। वहीं बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग में वर्तमान फीस 2.86 लाख रुपये वसूली जाएगी। जबकि 2022-23 में संस्थाओं से यह फीस 5.26 लाख रुपये ली थी। इसके अलावा बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग जिन संस्थाओं में यह तीनों कोर्स करवाए जा रहे हैं उनके लिए मान्यता फीस वर्तमान में 3.65 लाख रुपये ली जाएगी। जबकि पहले यह फीस 8.63 लाख रुपये थी।
अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक ने मान्यता फीस में राहत इसलिए दी है क्योंकि अब संस्थाओं को अस्थायी मान्यता ही दी जाती है। ऐसे में बीएससी नर्सिंग में नर्सिंग की फीस 29 प्रतिशत कम हुई है। जबकि बीएससी नर्सिंग पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग में फीस 59 प्रतिशत कम हुई है। बीएससी नर्सिंग पोस्ट बेसिक नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग में फीस 76.02 प्रतिशत तक कम हुई है।
नए कैलेंडर के मुताबिक एमबीबीएस और बीडीएस के लिए संस्थानों को अस्थायी मान्यता के लिए 2.35 लाख रुपये, जबकि आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, बीफार्मा, आयुर्वेदिक के लिए भी 2.35 लाख रुपये की राशि वहन करनी पड़ेगी।
सत्र 2024-25 का कैलेंडर जारी किया है। इसके मुताबिक नर्सिंग के संस्थानों की मान्यता की फीस को कम किया गया है।-
अमर नेगी, रजिस्ट्रार, अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक