हिमाचल प्रदेश में पोस्ट बेसिक बीएससी और एमएससी नर्सिंग की पहले साल की वार्षिक परीक्षाएं 30 अक्तूबर से शुरू होंगी। इसको लेकर अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक ने शेड्यूल जारी कर दिया है। 12 से 19 अक्तूबर तक परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया चलेगी। जबकि 20 से 23 अक्तूबर तक 2,000 विलंब शुल्क देकर अभ्यर्थी फार्म भर सकते हैं। फार्म भरने की प्रारंभिक तिथि 12 अक्तूबर और अंतिम तिथि 19 अक्तूबर है।
23 अक्तूबर को अभ्यर्थियों की ओर से भरे हुए परीक्षा फार्म और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। भरे गए फार्म को संबंधित संस्थानों के प्रमुखों की ओर से कॉलेज की तरफ से दी जाने वाली असेसमेंट के साथ जमा करवाए जाएंगे। प्रवेश पत्र 25 अक्तूबर को डाउनलोड किए जा सकेंगे। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके मुताबिक परीक्षा के लि अभ्यर्थी अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं।
बीएएमएस और बीएचएमएस की 105 सीटें आवंटित
मंडी। बीएएमएस और बीएचएमएस की दूसरे राउंड की काउंसलिंग में अंतिम सीटों का आवंटन कर लिया गया है। इसमें एचपी और ऑल इंडिया कोटे की 105 सीटें आवंटित की गईं। 12 अक्तूबर से आवंटित सीटों पर दाखिले होंगे। जबकि 13 अक्तूबर से तीसरा राउंड शुरू होगा। 105 आवंटित सीटों में सबसे अधिक एचपी कोटे की हैं और 9 सीटें ऑल इंडिया कोटे की हैं।
15 को होगी जेबीटी टेट की विशेष परीक्षा
वहीं, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जेबीटी टेट विशेष परीक्षा (नवंबर 2022) का आयोजन 15 अक्तूबर को किया जाएगा। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इसके लिए प्रदेशभर में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुबह 10 बजे से दोपहर साढे 12 बजे तक जेबीटी टेट की विशेष परीक्षा करवाई जाएगी। परीक्षा के लिए आवेदक 12 अक्तूबर को बोर्ड वेबसाइट पर जाकर अपना एप्लीकेशन नंबर, जन्मदिन तिथि डालकर रोल नंबर डाउनलोड कर सकते हैं।