राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सदन में दिए जवाब से नाराज होकर विपक्ष ने बुधवार को नारेबाजी करते हुए वाकआउट किया। बजट सत्र के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कहा कि पिछले बजट में की गई घोषणाओं में 70 फीसदी पूरी नहीं हुई हैं। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया जाता है। जब बजट घोषणाएं ही पूरी नहीं हुईं तो सरकार की क्या उपलब्धि रही।
इसके बाद जैसे ही मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने वर्तमान भाजपा की सरकार से ज्यादा ऋण लिया है तो इस पर नेता प्रतिपक्ष खडे़ होकर विरोध करने लगे और कुछ ही देर बाद विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। सीएम ने बताया कि वर्ष 2012-13 से 2017-18 तक प्रदेश पर कुल 48000 करोड़ का कर्ज था। कांग्रेस सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में 28707 करोड़ का ऋण लिया, जिसका ऋण ग्रोथ 67 प्रतिशत था। वर्तमान भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल में प्रदेश सरकार पर 63200 करोड़ रुपये का ऋण है। इस तरह भाजपा सरकार का ऋण ग्रोथ 32 प्रतिशत है। सीएम ने कहा कि अगर विपक्ष को लगता है कि तथ्य गलत हैं, तो साबित करे।