चीन के हांगझोऊ में शनिवार को एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को हराकर जैसे ही गोल्ड अपने नाम किया तो कप्तान रितु नेगी के घर हिमाचल के शिलाई गांव में जश्न शुरू हुआ। गोल्ड जीतने की खुशी में रितु के घर ढोल नगाड़ों की थाप पर नाटी डाली गई और तिरंगा लहराया। पूरा गांव जिंदाबाद के नारे से गूंज उठा और परिवार ने आसपास के लोगों में लड्डू बांटे।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रितु नेगी के पैतृृक गांव शिरोग (बांदली पंचायत) में लोगों ने तिरंगा हाथ में लिए ढोल नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाया। इंडिया टीम समेत लोगों ने रितु नेगी, पुष्पा राणा और सुषमा शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाए। रितु नेगी के पिता भवान सिंह नेगी, पुष्पा राणा के छोटे भाई रविंद्र राणा समेत आसपास के गांव के लोग मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। लोगों ने एक दूसरे को जीत पर बधाई दी।
बता दें कि एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम में सूबे की पांच बेटियां शामिल हैं। इनमें से तीन शिलाई विधानसभा क्षेत्र से हैं। कप्तान रितु नेगी शिलाई की बांदली पंचायत के शिरोग की रहने वाली हैं। उनका विवाह हरियाणा में हुआ है। इसके अलावा पुष्पा राणा मिल्लाह पंचायत और सुषमा शर्मा द्राबिल की रहने वाली हैं। इस बार पुष्पा राणा का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा।
सोलन की ज्योति और बिलासपुर की निधि शर्मा भी टीम में अच्छा प्रदर्शन किया है। शनिवार को फाइनल मुकाबले में जैसे ही भारतीय टीम ने चीनी ताइपे को शिकस्त दी, पूरा देश खुशी से झूम उठा। वहीं, शिलाई में खुशी को अलग अंदाज में मनाया गया। रितु नेगी के पिता भवान सिंह नेगी ने बताया कि जो कमी 2018 के एशियन खेलों में रह गई थी, उसे आज पूरा कर दिया है। ये जीत ऐतिहासिक है। बेटियों ने पूरे देश को गौरवान्ति कर दिया है।