सूचना मिलते ही तुरंत संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रात दस बजे सेना एवं पुलिस ने आर्मी स्कूल के आसपास के क्षेत्र को खंगालना शुरू किया। सुरक्षा बलों ने घटासनी, बकलोह, ककीरा, तुन्नूहट्टी और इनके साथ सटे इलाकों के चप्पे-चप्पे को तड़के चार बजे तक खंगाल डाला, लेकिन संदिग्धों का कुछ पता नहीं लगा।
बुधवार को जिले के तमाम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा चौकस कर दी गई। शहर में प्रवेश के रास्तों पर औचक जांच नाके लगाए गए हैं। गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है। पैदल चलने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। इन दिनों चंबा में ऐतिहासिक मिंजर मेला चल रहा है और स्वतंत्रता दिवस भी नजदीक है, इसे लेकर भी जिले में सुरक्षा कड़ी की गई है।
बकलोह के पास दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली थी। संदिग्धों की तलाश में मंगलवार रात सेना के साथ मिलकर पुलिस जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। हालांकि इस दौरान कोई भी संदिग्ध नहीं मिला। फिर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। - डॉ. मोनिका, पुलिस अधीक्षक, चंबा