सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर आई है। हिमाचल में सेना की खुली भर्ती होने जा रही है। चंबा और कांगड़ा जिला के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। दोनों जिलों के लिए बारगाह मैदान में खुली भर्ती आयोजित की जा रही है।
भर्ती का आयोजन 28 अगस्त से पांच सितंबर तक किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों के गोरखा उम्मीदवार भी भर्ती में हिस्सा ले सकते हैं। बुधवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंद्र सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को सोल्जर सामान्य ड्यूटी एवं सोल्जर क्लर्क के लिए जिला चंबा के चंबा ,चुवाड़ी, भरमौर, उप तहसील भलेई व होली के उम्मीदवारों के लिए भर्ती करवाई जाएगी।
इसके अलावा 29 अगस्त को सोल्जर सामान्य ड्यूटी एवं सोल्जर क्लर्क के लिए जिला चंबा के सलूणी, पांगी, चुराह, डलहौजी तथा उपतहसील धरवाला और सिहुंता के युवा भर्ती में भाग ले सकते हैं।
देखें ये हैं पूरा शेड्यूल
30 अगस्त को जिला कांगड़ा के बढ़ोह, देहरा, शाहपुर, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, हर चक्कियां एवं जसवां कोटला के लिए भर्ती करवाई जाएगी। 31 अगस्त को सोल्जर सामान्य ड्यूटी एवं सोल्जर क्लर्क के लिए जिला कांगड़ा के धर्मशाला, फतेहपुर एवं इंदौरा एवं उपतहसील हरीपुर एवं रक्कर के युवाओं के लिए भर्ती ली जाएगी।
एक सितंबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी एवं सोल्जर क्लर्क जिला कांगड़ा के ज्वाली, ज्वालामुखी, जयसिंहपुर, कोटला, नगरोटा सुरियां एवं पालमपुर तहसीलों एवं पंचरुखी उपतहसीलों के सभी उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। दो सितंबर को जिला कांगड़ा के बैजनाथ, खुंडियां, नूरपुर, चडियार, धीरा, गंगथ, थुरल एवं मुलथान के लिए भर्ती की जाएगी।
ये योग्यताएं करनी होंगी पूरी
तीन सितंबर को प्रदेश के सभी भारतीय गोरखा उम्मीदवारों के लिए भर्ती की जाएगी। भर्ती के अंतिम दो दिनों में मैदान को पास करने वाले युवाओं का मेडिकल किया जाएगा। ग्राउंड पास करने के लिए 1600 मीटर दौड़, कम से कम छह बार पुलअप, नौ फुट का गड्ढा फांदना व जिग जैंग बैलेंस को पार करना है।
सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए आयु 21 वर्ष एवं सोल्जर क्लर्क के लिए आयु सीमा 23 वर्ष तक निर्धारित की गई है। लिखित परीक्षा की तिथि 25 अक्तूबर 2014 को पालमपुर में रखी गई है। जिन उम्मीदवारों के हथेली के पीछे टैटू बनाए हैं वह उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकते हैं।