निरमंड की खरगा पंचायत के थरूवा गांव के सैनिक विदेश कुमार (32) नमज्ञा डोगरी के पास हिमखंड में दब गए हैं। यह खबर मिलने के बाद समूचे क्षेत्र के लोग गमगीन हैं। क्षेत्रवासी परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
विदेश के पिता आईपीएच विभाग से सेवानिवृत्त ईश्वर दास और माता पुष्पा देवी को उम्मीद है कि उनका बेटा सही सलामत लौटेगा। वहीं, विदेश की पत्नी निंटा देवी को अभी तक नहीं बताया गया है कि विदेश हिमखंड में दबे हैं।
उन्हें सिर्फ यही बताया गया है कि विदेश की तबीयत थोड़ी खराब है। दादा केशू राम (90) अपने पोते विदेश की सलामती की दुआ कर रहे हैं। विदेश के हिमखंड में दबे होने की खबर सुनते ही रिश्तेदार उनके गांव पहुंच गए हैं।