प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ नेता 28 अक्तूबर को शिमला में चुनावी रणनीति बनाएंगे। इस दौरान महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव का स्थान और तारीख भी तय की जानी है। दोनों गुटों के नेता महासंघ पदों के बंटवारों को लेकर मंथन भी करेंगे ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचा जा सके। महिलाओं को महासंघ कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिलेगा।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ तदर्थ कमेटी के प्रदेश संयोजक विनोद कुमार ने 28 अक्तूबर को शिमला में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए महासंघ के एनआर ठाकुर को पत्र लिखकर आमंत्रित किया है।
इस पत्र में कहा गया है कि शिमला में होने वाली बैठक में अपने प्रतिनिधियों को भी लेकर आएं ताकि महासंघ के चुनाव की तारीख और स्थान तय किया जा सके। इस बैठक में महासंघ के जिला अध्यक्ष, महासचिव सहित विभागीय संगठनों के अध्यक्षों को भी आमंत्रित किया जा जाएगा। इसके अतिरिक्त एनआर ठाकुर गुट के नेताओं के भी बैठक में उपस्थित रहने की उम्मीद है।
बताते हैं कि चुनाव संभवत: बिलासपुर में ही कराए जाएंगे, क्योंकि यहां हर जिले से कर्मचारी नेता और सदस्य आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके अलावा चुनाव की तारीख अतिशीघ्र कराने के लिए महासंघ नेताओं पर दबाव बनाया जा सकता है।
महासंघ चुनाव में अगर दोनों गुटों में आम सहमति बनती है तो ऐसी स्थिति में किस गुट को कौन सा पद दिया जाएगा और कितने पद दिए जाएंगे। यह भी पहले ही तय किया जाएगा। इसके अलावा अगर चुनाव की स्थिति बनती है तो मामला कर्मचारियों पर छोड़ दिया जाएगा।