बैम्लोई समेत शहर के 12 केंद्रों में होगी भर्ती संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। शहर के आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर पर्याप्त आवेदन नहीं मिलने के कारण शैक्षणिक योग्यता की शर्तों में छूट दी है।
विभाग ने अब नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत क्रेच कार्यकर्ता के पद के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं से घटाकर 10वीं और क्रेच सहायिका के पद के लिए 10वीं से घटाकर सातवीं कर दी है। पहले निर्धारित योग्यता के अनुसार पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण ये पद रिक्त रह गए थे। अब नई शर्तों के तहत घोड़ा सराय, समरहिल, रुल्दुभट्ठा और बैम्लोई समेत शहर के 12 केंद्रों में भर्ती की जाएगी। बाल विकास परियोजना अधिकारी शिमला शहरी की ओर से कुछ पदों के लिए पहली और कुछ के लिए दूसरी बार आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विज्ञापन
चलौंठी और फागली क्रेच केंद्रों में रिक्त पदों के लिए दूसरी बार आवेदन आमंत्रित किए हैं। चलौंठी क्रेच केंद्र में कार्यकर्ता का एक पद रिक्त है, जिसके लिए 12वीं पास होना जरूरी है। वहीं सहायिका के एक पद के लिए 10वीं पास महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए संजौली चौक वार्ड के फीडर क्षेत्र की महिलाएं पात्र होंगी। फागली केंद्र में सहायिका का एक पद रिक्त है। इसके लिए फागली वार्ड के फीडर क्षेत्र की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
बंगाला कॉलोनी और नॉर्थ ओक में भी भर्ती
क्रेच कार्यकर्ता के दो पदों के लिए पहली बार आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें बंगाला कॉलोनी और नॉर्थ ओक (आईजीएमसी) केंद्र का एक-एक पद शामिल है। इन पदों के लिए 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा घोड़ा सराय में क्रेच कार्यकर्ता और सहायिका, आरटीओ में सहायिका, टुटीकंडी में सहायिका, समरहिल में कार्यकर्ता और सहायिका, रूल्दुभट्ठा में कार्यकर्ता और सहायिका, स्ट्रॉबेरी में सहायिका, साधनाघाटी में सहायिका, बैम्लोई में कार्यकर्ता और सहायिका तथा नॉर्थ ओक में सहायिका का पद रिक्त है। इच्छुक महिलाएं अपने संबंधित केंद्र के फीडर क्षेत्र के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। अभ्यर्थी का संबंधित आंगनबाड़ी सह क्रेच केंद्र के फीडर क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है। सीडीपीओ शिमला शहरी इंदु शर्मा ने बताया कि क्रेच कार्यकर्ता और सहायिका के 18 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।