शिमला। प्रदेश सरकार के दावों के बावजूद सेब सीजन के दौरान जिला शिमला में बिना लाइसेंस के आढ़ती सेब कारोबार कर रहे हैं। एपीएमसी (कृषि उत्पाद विपणन समिति शिमला एवं किन्नौर) ने ऊपरी शिमला में निरीक्षण के दौरान बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे 16 आढ़ती पकड़े हैं। इन आढ़तियों द्वारा किए गए सेब कारोबार का रिकार्ड जब्त कर पुलिस को इनका काम बंद करने के लिए लिखा है।
एपीएमसी के सचिव ने समिति के निरीक्षण दस्ते के साथ ऊपरी शिमला में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नारकंडा और आसपास के इलाकों में 16 आढ़तियों को बिना लाइसेंस काम करते पकड़ा गया। फिरनू मोड़, किंगल, खेखर सहित अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास बिना लाइसेंस सेब कारोबार किया जा रहा था। एपीएमसी ने इन सभी आढ़तियों को तुरंत काम बंद करने के निर्देश दिए हैं साथ ही पुलिस को भी इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है।
काम बंद करने के दिए निर्देश : कश्यप
एपीएमसी के सचिव देवराज कश्यप ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे 16 आढ़ती पकड़े हैं। इन आढ़तियों को तुरंत काम बंद करने के आदेश दिए हैं। संबंधित एसएचओ को भी इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है।
बागवानों को चूना लगा रहे फर्जी आढ़ती
बिना लाइसेंस सेब कारोबार कर रहे फर्जी आढ़ती बागवानों को मोटा चूना लगा रहे हैं। बागवानों से औने पौने दामों पर सेब खरीदा जा रहा है और माल खरीदने के बाद तुरंत पेमेंट भी नहीं दी जा रही। बहुत से आढ़ती बिना लाइसेंस सड़क किनारे ही सेब कारोबार कर रहे हैं। फर्जी आढ़ती सुनियोजित तरीके से बागवानों को लूट रहे हैं। पहले बागवानों को झांसे में फंसाने के लिए फसल के ऊंचे रेट दिए जाते हैं, इसके बाद पेमेंट रोक दी जाती है और सीजन खत्म होने के बाद आढ़ती गायब हो जाते हैं।