शिमला जिले में दो दिनों से हो रही भारी बरसात, भूस्खलन के कारण संपर्क सड़कें भी हुई बंद
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण सेब तुड़ान का काम थम गया है। बारिश के चलते बागवान बगीचों में सेब नहीं तोड़ पा रहे हैं। वीरवार को शिमला की ढली और ठियोग की पराला मंडी में सेब की आमद में भारी गिरावट आने की संभावना है। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते कई क्षेत्रों में संपर्र्क सड़कें भी बंद हो गई हैं, जिससे सेब की परिवहन सेवा प्रभावित हुई है।
बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण सेब सीजन प्रभावित हुआ है। बागवान बगीचों में स्प्रे भी नहीं कर पा रहे हैं। बारिश के कारण बागीचों में सेब तुड़ान थम गया है। बागवान मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। सेब उत्पादक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हरीश चौहान ने बताया कि बारिश के कारण सेब सीजन प्रभावित हुआ है। सेब तुड़ान न होने से मंडी में वीरवार से सेब की आमद घट सकती है। ढली और पराला फल मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश ठाकुर ने बताया कि बारिश के कारण सेब की आमद में कमी आने की संभावना है। बारिश के कारण देश की बड़ी मंडियों में डिमांड भी घटी है। इसका कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।