सेब खरीद कर रही निजी कंपनी अदाणी एग्रो फ्रेश लिमिटेड ने अगले 2 दिनों के लिए अपने सीए स्टोर पर सेब खरीद बंद करने का एलान कर दिया है। बाकायदा स्टोर के बाहर इसे लेकर नोटिस चस्पां कर दिए गए हैं। बागवानों से सेब न भेजने की अपील की गई है। मार्केट में सेब के दाम गिरने के बाद अदाणी की ओर से भी सेब खरीद बंद करने से बागवानों की दिक्कत बढ़ गई है। मौजूदा समय में मंडियों में सेब के दामों में भारी गिरावट चल रही है, विकल्प के तौर पर बागवान अपना सेव अदाणी को बेच रहे थे, लेकिन अब अदाणी ने भी सेब खरीद से इनकार कर दिया है।
अदाणी के प्रवक्ता ने बताया कि मौजूदा समय तक कंपनी 12,000 टन सेब खरीद कर चुकी है, अन्य कंपनियों द्वारा सेब खरीद शुरू न करने और मंडियों में सेब के रेट गिरने से अदाणी के स्टोर पर सेब की आमद बहुत अधिक बढ़ गई है। अधिक मात्रा में सेब खरीद कंपनी की क्षमता से बाहर है। दो दिन बाद ताजा हालात देखकर दोबारा से खरीद शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। अदानी एग्रो फ्रेश लिमिटेड ठियोग के सैंज, कुमारसेन के बिथल और रोहडू के मेहंदली में सेब खरीद कर रहा है। संयुक्त किसान मंच ने बार-बार सेब खरीद बंद करने और दाम गिराने के नीति को अदाणी समूह की तानाशाही करार दिया है। मंच के संयोजक हरीश चौहान और सह संयोजक संजय चौहान ने कहा है कि अदाणी मनमानी कर रहा है और सरकार मौन बैठी है। अदाणी को इसका जवाब दिया जाएगा। स्टोर से सेब बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा।