बीते वर्ष अभी तक 71 लाख 48 हजार 757 सेब की पेटियों का हुआ था कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में 60 फीसदी सेब सीजन पूरा हो चुका है। 40 फीसदी सेब ऊपरी शिमला से आना अभी बाकी है। इस बार सेब की पैदावार ज्यादा होने की वजह से 11 सितंबर तक ही एपीएमसी शिमला-किन्नौर ने एक करोड़ सेब की पेटियों का कारोबार कर लिया है।
बीते वर्ष जहां 11 सितंबर तक एपीएमसी ने 71 लाख 48 हजार 757 सेब की पेटियों का कारोबार किया था । इसमें फल मंडियों में 36 लाख 5 हजार 847 पेटियों और मार्केट यार्ड के अंदर 35 लाख 42 हजार 910 सेब की पेटियों का कारोबार हुआ था। वहीं इस वर्ष 11 सितंबर तक 1 करोड़ 5 लाख 962 सेब की पेटियों का कारोबार हो चुका है। इसमें फल मंडियों में 56 लाख 23 हजार 648 पेटियां पहुंच चुकी हैं, वहीं मार्केट यार्ड के बाहर 44 लाख 27 हजार 314 पेटियों का कारोबार हो चुका है। आढ़तियों का कहना है कि अभी आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ेगी, क्योंकि अभी ऊपरी शिमला का अधिकतर सेब का तुड़ान होना है। बारिश ज्यादा होने की वजह से बागवान सेब का तुड़ान नहीं कर पाए हैं।
किस मंडी में कितना सेब का कारोबार
फल मंडी बीते वर्ष इस वर्ष
भट्ठाकुफर 7,77,280 9,13,501
पराला 15,36,780 22,15,019
नेरवा 28,486 56,468
मेंहदली 1,20,4,404 1,80,6,184
खड़ापत्थर 25,161 53,630
टापरी 33,736 35,512
अणु 0 1,869
शिलारू 0 5,41,465
चेक पोस्ट के बाहर 3,54,2,910 4,22,7,314
(नोट - बीते वर्ष के आंकड़े पूरे सीजन के हैं और इस वर्ष के आंकडे़ 11 सितंबर तक के हैं)