खेल, युवा मामलों और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को एक साल पूरा होने पर बधाई देने के साथ-साथ गारंटियों के फेल होने पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि गारंटियां कब पूरी होंगी और इंतजार कब खत्म होगा। वे देहरा विस के नलेटी गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान में हिस्सा लेने पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत पर उन्होंने कहा कि जनता 1500 रुपये प्रति महीना के बारे में पूछ रही है। प्रदेश में 23 लाख महिलाओं का 18 हजार रुपये का नुकसान एक साल में हुआ है। कांग्रेस की ये गारंटी भी फेल हो गईं। कांग्रेस ने 100 रुपये लीटर दूध खरीदने, 2 रुपये किलो गोबर खरीदने, एक लाख रोजगार देने का वायदा, 300 यूनिट बिजली मुफ्त में देने की गारंटी भी फेल हो गई। बागवान भी ठगे रह गए उन्हें अपनी सब्जियां और फल नालों में बहाने पड़ रहे हैं।
देहरा की नलेटी पंचायत में केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी भाग लिया। रहे। इस कार्यक्रम में लाइव वीडियो के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही संकल्प यात्रा में मोदी सरकार की ओर चलाई गई योजनाओं के बारे में अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम ठाकुर, पूर्व मंत्री रमेश धवाला, जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह, नितिन ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेस और क्रप्शन सगी बहनें
केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि कांग्रेस और क्रप्शन दो सगी बहनें हैं। एक को लाओ तो दूसरी साथ आती है। कांग्रेस के एक सांसद से ही 250 करोड़ रुपये पकड़े गए हैं। नोट गिनने में लगी मशीने गर्म हो गईं और बैग कम पड़ गए तो बोरियों में नोटों की गड्डियां रखनी पड़ीं। लेकिन गिनती अभी भी जारी है।
सांसद ने गिफ्ट लेकर जो किया वह माफी लायक नहीं
सदन में पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोपी सांसद महुआ मोइत्रा के मामले पर अनुराग ने कहा कि एक भ्रष्ट चेहरा सामने आया है। सांसद ने पैसे और गिफ्ट लेकर जो किया है वह माफ करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट चेहरों को और भ्रष्ट सांसदों से लेकर भ्रष्ट मंत्रियों को संरक्षण देने का काम इंडी गठबंधन करता है। जो घमंडिया भी है और भ्रष्टाचारी भी।