केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में ग्रामीण स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए युवाओं तथा उद्यमियों को जागरूक किया जा रहा है। अनुराग शुक्रवार को इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में राज्य स्तरीय निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता सम्मेलन में बोल रहे थे।
कहा कि किसी भी स्तर पर निवेशकों के साथ धोखाधड़ी न हो, इसके लिए जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। कहा कि निवेशकों के लिए वेब पोर्टल शुरू किया गया है। इनके लिए हेल्पलाइन भी चलाई जा रही हैं। वित्त मंत्रालय ने 5000 से अधिक क्लेम और 230 करोड़ के शेयर निवेशकों को वापस करवाए हैं। कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप 37 करोड़ सत्तर लाख नए बैंक खाते खोले गए हैं।
40 करोड़ लोगों को रूपे कार्ड बांटे गए हैं। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दिया गया है। 2025 तक देश को पांच ट्रिलियन इकोनोमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निवेश को लेकर एक बुकलेट का विमोचन भी किया। आईसीएसआई ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए।