कंपनी कमांडर दिनेश कुमार
कंपनी कमांडर दिनेश कुमार ने 1993 में हिमाचल प्रदेश होमगार्ड संगठन में स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवा शुरू की। विभागीय पाठ्यक्रमों और कर्तव्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा ने उन्हें सेक्शन लीडर से प्लाटून कमांडर और 2016 में कंपनी कमांडर के पद पर पदोन्नति दिलाई। एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में कंपनी कमांडर दिनेश कुमार ने मंदिर सुरक्षा, पुलिस स्टेशन ड्यूटी, यातायात प्रबंधन, चुनाव ड्यूटी और आपदा प्रतिक्रिया संचालन सहित कई तरह की जिम्मेदारियां निभाई हैं। अपने असाधारण शिक्षण कौशल और अनुभव के साथ उन्होंने राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षक के रूप में उनकी विशेषज्ञता के लिए उन्हें व्यापक रूप से जाना जाता है, जो पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेषज्ञता से संचालित मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विभाग में विशिष्टता लाते हैं। उनकी प्रशासनिक और रसद संबंधी कुशलता विभागीय संचालन के लिए महत्वपूर्ण रही है, जिससे उन्हें वरिष्ठों और जनता दोनों से उच्च सम्मान मिला है। आपदा से संबंधित कई अभियानों के दौरान वे संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण संपत्ति रहे हैं। अगस्त 2023 में दिनेश कुमार ने शिव बावड़ी मंदिर समरहिल शिमला में बादल फटने से हुए भूस्खलन के बाद 20 शवों को निकालने के लिए एक लंबे अभियान में होमगार्ड और सीडी टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया था। कंपनी कमांडर दिनेश कुमार को उनकी बेदाग सेवा, समर्पण, विश्वसनीयता और व्यावसायिकता के लिए गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर सराहनीय सेवाओं के लिए होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा राष्ट्रपति पदक से सम्मानित करने की अनुशंसा की गई है।
स्टेशन फायर ऑफिसर मंडी ठाकुर दास
स्टेशन फायर ऑफिसर मंडी ठाकुर दास 5 दिसंबर 1988 को हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा विभाग में फायरमैन के पद पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र बल्देहा में लीडिंग फायरमैन कोर्स सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। उन्होंने 2007 में सब ऑफिसर्स कोर्स और 2019 में नेशनल फायर सर्विसेज कॉलेज नागपुर से स्टेशन ऑफिसर्स कोर्स भी उत्तीर्ण किया। उन्हें मार्च 2018 में सब फायर ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया और फायर स्टेशन पालमपुर में तैनात किया गया। इसके बाद उन्हें 2022 में स्टेशन फायर ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया और फायर स्टेशन कुल्लू में तैनात किया गया। वर्ष 1998 में हिमाचल दिवस के अवसर पर उपायुक्त मंडी ने उन्हें थलोट जिला मंडी के पास ब्यास नदी में गिरी बस से यात्रियों को बचाने के लिए प्रशंसापत्र प्रदान किया था। कोविड-19 महामारी के दौरान ठाकर दास को उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए उप मंडल मजिस्ट्रेट पालमपुर, अध्यक्ष एनजीओ परिवर्तन और अध्यक्ष संयुक्त व्यापार मंडल पालमपुर द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए थे। 1 अगस्त 2024 को राजबन, बरोट, जिला मंडी में बाढ़ के कारण दो मंजिला इमारत ढह गई थी, जिसमें 10 लोग मलबे में दब गए थे और ठाकुर दास द्वारा अपने चालक दल के सदस्यों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया था। एक समर्पित अग्निशमन कर्मी होने के अलावा ठाकर दास स्टेशन अग्निशमन अधिकारी ने पेशेवर कौशल दिखाया है और अपने वरिष्ठ अधिकारियों की संतुष्टि के लिए अपने कर्तव्यों का पालन किया है। पेशेवर ज्ञान प्राप्त करने के उनके असामान्य उत्साह को देखते हुए उन्हें आग की रोकथाम और सुरक्षा से संबंधित कई कर्तव्य सौंपे गए थे, जिन्हें उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की संतुष्टि के लिए निभाया। उनके 36 साल के बेदाग सेवा रिकॉर्ड, पेशेवर कौशल, कर्तव्य के प्रति समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा को ध्यान में रखते हुए ठाकर दास को उत्कृष्ट सेवा के लिए अग्निशमन सेवा पदक के लिए अनुशंसित किया गया गया है।
ऋतिक चौहान ने सोलन में ट्रेन की चपेट में आने से बचाई थीं दो बेटियां
चौपाल क्षेत्र के गगना गांव निवासी ऋतिक चौहान पुत्र जगदीश चौहान को दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में उतम जीवन रक्षक पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर क्षेत्र में खुशी की लहर है। जानकारी के अनुसार, सोलन के वार्ड नंबर 13 क्लीन के समीप रेलवे ट्रैक पर दो छोटी बच्चियों को बचाते हुए ऋतिक ट्रेन की चपेट में आ गए थे। इस वजह से उसके दोनों पैरों में चोट आई। चोटें इतनी गम्भीर थीं कि पीजीआई में युवक का पैर काटना पड़ा। ऋतिक उस समय सोलन के देहूंघाट में एक निजी कंपनी में काम करते थे।