आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बढ़ा हुआ मानदेय अगले माह से दिया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के मानदेय में की गई बढ़ोतरी के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह निर्णय जहां देश की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को लाभान्वित करेगा, वहीं हिमाचल प्रदेश में लगभग चालीस हजार महिला कर्मियों के मानदेय में एक सम्मानजनक वृद्धि करने वाला है।
मंत्री ने बताया कि अब राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कुल 6250 रुपये प्रतिमाह, सहायिका को 3150 रुपये, जबकि मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 4550 रुपये प्रतिमाह की दर से मानदेय मिलेगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में कार्यरत आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ कर रही है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 18386 आंगनबाड़ी केंद्र तथा 539 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र कार्य कर रहे हैं और इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पूरक पोषाहार, अनौपचारिक स्कूल पूर्व शिक्षा, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, संदर्भ सेवाएं तथा स्वास्थ्य एवं पोषाहार शिक्षा जैसी छह बुनियादी आवश्यकता वाली सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।