कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी भी तीन विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। हमीरपुर में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अनीस अहमद ने देरी से टिकट आवंटन के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस पार्टी सोच-समझकर अपने प्रत्याशियों का चयन कर रही है ताकि उन्हें बाद में धोखा ना मिले। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा लोकसभा के घोषित उम्मीदवार मजबूत और सशक्त हैं। कांग्रेस सह प्रभारी अनीस अहमद ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक सुजानपुर के सभी बूथों के अध्यक्षों के साथ बैठक में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर सुजानपुर उपचुनाव प्रत्याशी रणजीत राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
केंद्र की भाजपा सरकार पर कांग्रेस प्रत्याशियों को डराने-धमकाने के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशियों पर पुराने केस शुरू करने और ईडी, सीबीआई के केस करने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके चलते कई उम्मीदवार नामांकन भरने से मना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर साइबेरियन पंछी की तरह आते और चले जाते हैं । उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री कोई बड़ा उद्योग लाने में असमर्थ साबित हुए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सके । उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता में केंद्रीय मंत्री के प्रति गहरा रोष भी है। प्रदेश सह प्रभारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी को खत्म करने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में प्रदेश सरकार ने बेहतरीन काम किया, जिसका लाभ उन्हें अवश्य मिलेगा।