धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गोली लगने से एक महिला की हो गई थी मौत, अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट तलब
विज्ञापन
एडीएम पंकज शर्मा की अगुवाई में गठित की है जांच टीम अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र के कुलगांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुए गोलीकांड मामले की जांच के लिए न्यायिक जांच टीम जल्द क्षेत्र का दौरा करेगी। टीम के दौरे से पहले स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है।
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा की अगुवाई वाली जांच टीम इस हफ्ते के अंत तक कुलगांव जाने की तैयारी कर रही है। इस घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों के लिए सख्त नियमावली भी तैयार की जा रही है। इसमें किसी भी क्षेत्र में होने वाले धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सरेआम ले जाए जाने वाले हथियारों के इस्तेमाल पर पूर्ण पाबंदी लगाई जाएगी। यदि कहीं दोबारा ऐसी घटना सामने आती है तो इसके लिए स्थानीय प्रशासन के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
अधिकारियों को अपने क्षेत्र के तहत होने वाले सभी बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर नजर रखनी होगी। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान आमतौर पर कुछ लोग तलवारों और बंदूकों को लाते हैं। इन पर पहले से पाबंदी है लेकिन जमीनी स्तर पर ये आदेश सख्ती से लागू नहीं होते हैं। अब कुलगांव घटना के बाद इन आदेशों को सख्ती से लागू करना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी बन जाएगा। राष्ट्रपति दौरे के चलते जिला प्रशासन के अधिकारी अभी सुरक्षा और कानून व्यवस्था में व्यस्त है। ऐसे में अभी स्थानीय प्रशासन और पुलिस से प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।