रेलवे बोर्ड ने अंब से अंबाला चलने वाली ट्रेन नंबर 74991 और 74992 को दौलतपुर चौक से शुरू करने के लिए हरी झंडी दे दी है। एक जुलाई को दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर सुबह 5:00 बजे गगरेट हलके के विधायक राजेश ठाकुर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जबकि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर कार्यक्रम से लाइव जुड़कर शुभकामनाएं देंगे।
अनुराग ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से दौलतपुर चौक से सुबह 5:25 बजे ट्रेन नंबर 74992 चलेगी जो चिंतपूर्णी, ऊना होते हुए अंबाला कैंट 11:50 बजे पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 74991 दोपहर 2:30 बजे अंबाला कैंट से चलेगी और नंगल, अंब होते हुए रात 8:30 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले अनुराग ठाकुर ने दौलतपुर चौक से अंबाला के लिए ट्रेन शुरू करने का मामला रेलवे मंत्रालय से उठाया था, जिसे अब स्वीकार कर लिया है। वहीं, रेलवे बोर्ड की पीएससी कमेटी के सदस्य हरिओम भनोट व जोनल रेलवे के सदस्य सुमित शर्मा ने दौलतपुर से अंबाला के लिए ट्रेन शुरू करने पर रेल मंत्रालय व अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई को सुबह विधायक राजेश ठाकुर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।