शिमला में छात्र ने लगवाई कोविड वैक्सीन।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में 12 से 14 साल के 39,834 बच्चों को कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं, 15 से अधिक आयु वर्ग में 44,131 को पहली और 34,372 को दूसरी डोज लग चुकी है। इसके अलावा 18 साल के आयु वर्ग के युवाओं को 7,09,318 को पहली और 6,68,905 को दूसरी डोज लग चुकी है। दूसरे राज्यों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में अभिभावक चाह रहे हैं बच्चों की वैक्सीनेशन जल्द पूरी हो जाए। स्वास्थ्य विभाग ने अब स्कूलों में उन बच्चों के लिए पहली डोज लगवाने की सुविधा प्रदान की है जिन्होंने कि बीते माह इस अभियान के तहत टीके नहीं लगवाए थे। ऐसे में वह बच्चे भी स्कूलों तथा अस्पतालों में टीका लगवाने आ रहे हैं।
बच्चों ने कहा, टीके लगवाएंगे ताकि आते रहें स्कूल : परमदेव
संजौली स्कूल के शिक्षक परमदेव शर्मा ने बताया कि बच्चों में टीकाकरण को लेकर काफी उत्साह है। बच्चों ने स्वयं कहा था कि अगर लहर के दौरान बंदिशें बढ़ती हैं तो वह घरों से स्कूल नहीं आ पाएंगे। इसलिए पढ़ाई बाधित न हो तो उन्होंने स्कूलों में अपना टीकाकरण करवाया। महामारी के पहले और दूसरे दौर में काफी भय था। हल्का सा जुकाम आने पर बच्चों से दूरी बनानी पड़ती थी। अब स्कूलों में ऐसा नहीं है। टीकाकरण के बाद बच्चों और लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।