कोरोना से प्रभावित हुई पढ़ाई की भरपाई के लिए स्कूलों में अब अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल मंडी में शनिवार को ऐसे बच्चों को बुलाया गया जिनका पढ़ाई का स्तर गिर गया है। साथ ही लिखावट क्षमता भी प्रभावित हुई है। प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह गुलेरिया ने बताया कि स्कूल के कुछ विद्यार्थियों का कोविड काल में पढ़ने और लिखने का स्तर प्रभावित हुआ है। इससे कुछ बच्चे पिछड़ गए हैं।
इसे दूर करने के लिए ही अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जा रही हैं। लिखावट को सुधारने का प्रयास भी किया जा रहा है। शनिवार को स्कूल की एक कक्षा में दर्जनों विद्यार्थियों को परीक्षाओं के बाद भी बुलाया गया है। शिक्षक बच्चों से कॉपियों पर कुछ लिखने का अभ्यास करवा रहे थे। इसमें विद्यार्थियों की पढ़ाई के स्तर को भी आंका गया। काउंसलर भी विद्यार्थियों की जांच कर रहे हैं कि ऑनलाइन पढ़ाई से क्या और क्या बदलाव आए हैं।
सातवीं कक्षा के राघव ने बताया कि उन्हें स्कूल में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। ऑफलाइन पढ़ाई में रुचि बढ़ती है। सभी विद्यार्थियों के साथ पढ़ने का मजा ही कुछ और है। 12वीं की शांभवी ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई से आंखों और दिमाग पर बुरा असर हो रहा था। जब से ऑफलाइन पढ़ाई शुरू हुई इससे हमें बहुत अच्छा लग रहा है।
सातवीं कक्षा की युविका ने भी स्कूल में जाकर कक्षाओं में होने वाली पढ़ाई को बेहतर बताया और कहा कि सहपाठियों के साथ पढ़ना सबसे अच्छा लगता है। दसवीं कक्षा की अनविता ने कहा कि स्कूल खुलने से वे फिर से पाबंद हो गए हैं। इससे पहले घरों में पूरी दिनचर्या और पढ़ाई करने का शेड्यूल प्रभावित हो रहा था।