राजधानी शिमला के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र संजौली में यातायात व्यवस्था बेहाल है। ट्रैफिक कंट्रोल करने की यहां कोई व्यवस्था नहीं है। बस जाम ही जाम लगा रहता है। यहां तक कि लोगों और बच्चों को सड़क पार करना भी मुश्किल हो जाता है। अब स्कूल भी जल्द ही खुलने वाले हैं तो अभिभावकों को चिंता सताने लग पड़ी है।
रविवार को ‘अमर उजाला’ की टीम संजौली चौक, इंजनघर, बैनमोर और मल्याणा वार्ड के लोगों की समस्याएं जानने संजौली पहुंची। लोगों ने ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम में क्षेत्र की कई समस्याएं गिनाईं, लेकिन यातायात समस्या से लोग ज्यादा परेशान दिखे।
बताया कि यहां वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए न तो स्पीड ब्रेकर लगे हैं और न ही पैदल चलने वालों को सड़क क्रॉस करने के लिए जेबरा क्रासिंग है। हर समय तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने का डर सताता है। प्रशासन ने संजौली-नवबहार सड़क पर फुटपाथ बनाने की जहमत नहीं उठाई।
जबकि यहां दुघर्टनाओं में बच्चों की जान तक जा चुकी है। संजौली चौक से लेकर पुलिस चौकी तक सड़क किनारे जगह-जगह बसें और अन्य वाहन खड़े रहते हैं। पिछले दिनों पुलिस ने संजौली में लेन ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जिससे लोगों को कुछ राहत मिली लेकिन एक महीने के बाद वही स्थिति हो गई।
लोगों ने सुझाव दिया कि संजौली बाजार के रास्ते को जहां संभव है चौड़ा किया जाना चाहिए। नवबहार चौक से संजौली तक पैदल चलने वालों के लिए अलग रास्ता भी बनाया जाना चाहिए।
आपसी विवाद से रुके कार्य: सुशांत
वार्ड के संबंधित तमाम मुद्दे नगर निगम और जिला प्रशासन के समक्ष उठाए गए हैं। बहुत से काम हो गए हैं और कुछ पर काम चल रहा है। बजट की कमी और लोगों के आपसी विवाद से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। -सुशांत कपरेट, पार्षद, इंजनघर
जोर-शोर से उठाए मुद्दे: सत्या
नगर निगम के हाउस में पब्लिक की आवाज जोर शोर से उठाती हूं। वार्ड आफिस बनाने के लिए कई बार विजिट करवाई, जगह भी दिखाई लेकिन कुछ नहीं हुआ। सबसे बड़ा वार्ड होने के नाते आफिस बनना बेहद जरूरी है। -सत्या कौंडल, पार्षद संजौली चौक
विकास पर राजनीति भारी: कुलदीप
वार्ड के विकास कार्यों पर राजनीति भारी पड़ रही है। एंबुलेंस रोड के लिए अधिकारी दौरा कर चुके हैं। टेंडर के बावजूद काम नहीं हो रहा। हिमुडा कालोनी के नाले में अवैध डंपिंग से दिक्कत है। -कुलदीप ठाकुर, पार्षद, मल्याणा
एमसी कर रहा अनदेखी: अनूप
वार्ड कमेटी की ओर से निगम प्रशासन को विकास कार्यों के दर्जनों प्रस्ताव भेजे गए हैं, लेकिन किसी एक पर भी अमल नहीं हो रहा। लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने को हर संभव प्रयास किया जा रहा है। -अनूप वैद्य, पार्षद, बैनमोर
प्राथमिकता के आधार पर हल होंगी समस्याएं: गुप्ता
कार्यक्रम के दौरान उठाए गए मुद्दों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। -विजय गुप्ता, निगम अभियंता