हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में लगातार जारी बर्फबारी के चलते दो दिनों तक सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। उपायुक्त जिला किन्नौर आदेशों पर उप निदेशक उच्चतर शिक्षा ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिले में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसलिए जिला प्रशासन ने स्कूलों में 25 और 26 फरवरी का अवकाश घोषित कर दिया है। इस दौरान सरकारी और निजी स्कूल भी बंद रहेंगे। वहीं, रामपुर, किन्नौर और कुल्लू जिले के आउटर सिराज क्षेत्र में बर्फबारी होने से शीतलहर बढ़ गई है। सुबह से ऊंची चोटियों में बर्फबारी और निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम में आई तबदीली के चलते तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिस कारण समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। हालांकि, इस बारिश और बर्फबारी से किसान बागवानों में खुशी का माहौल है।
बर्फबारी के कारण नारकंडा में एनएच-पांच यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। ऐसे में रामपुर से शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही वाया बसंतपुर होकर करवाई जा रही है। आउटर सिराज के जलोड़ी जोत में भारी बर्फबारी के कारण नेशनल हाईवे 305 भी एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए ठप हो गया है। एनएच बाधित होने से आनी और निरमंड तहसील की 69 पंचायतों का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है। उधर, परिवहन निगम रामपुर के अड्डा प्रभारी भाग चंद ने बताया कि नारकंडा में एनएच यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। इस कारण निगम की बसों को वाया बसंतपुर होकर शिमला भेजा जा रहा है। जलोड़ी जोत में एनएच बाधित होने से कुल्लू की ओर बसों को नहीं भेजा जा रहा। हालांकि रामपुर के लोकल रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही हो रही है।