राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी के लिए राज्य संग्रहालय शिमला ने कला और विभिन्न विधाओं की कलाकृतियों को आमंत्रित किया है। कलाकार ये कलाकृतियां 12 अगस्त तक राज्य संग्रहालय में जमा करवा सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अक्तूबर महीने में अखिल भारतीय कला प्रदर्शनी होगी। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी के लिए राज्य संग्रहालय शिमला ने कला और विभिन्न विधाओं की कलाकृतियों को आमंत्रित किया है। कलाकार ये कलाकृतियां 12 अगस्त तक राज्य संग्रहालय में जमा करवा सकते हैं। विभिन्न श्रेणी की चयनित सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इन कलाकृतियों को राज्य संग्रहालय में लगने वाली प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
विज्ञापन
राज्य संग्रहालय के अध्यक्ष हरी चौहान ने बताया कि कोरोना काल के लंबे इंतजार के बाद यह आयोजन हो रहा है। अक्तूबर में होने वाली अखिल भारतीय कला प्रदर्शनी के लिए ऑयल एंड मिक्स मीडिया, वाटर कलर, मिनिएचर पेंटिंग, ग्राफिक्स, ड्रांइग, और स्कल्पचर्स की प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इनमें सभी कलाकार भाग ले सकते हैं। प्रत्येक कलाकार दो प्रविष्टियां भेज सकता है। उन्होंने कहा कि नियमों और शर्तों के साथ भागीदारी प्रपत्र कार्यालय क्यूरेटर, हिमाचल राज्य संग्रहालय, शिमला से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा bhurisinghmuseumchamba.in, kangraartmuseum.in और Himachalstatemuseum.in से भी प्रविष्टि डानलोड कर सकते हैं। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 12 अगस्त है।