डेरा सच्चा सौदा के बाबा राम रहीम पर चल रहे यौन शोषण के मामले में 25 अगस्त को आने वाले कोर्ट के फैसले को लेकर हरियाणा-पंजाब के बाद हिमाचल में भी अलर्ट जारी हो गया है।
हिमाचल पुलिस मुख्यालय ने सभी एसपी को अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। साथ ही डेरा अनुयायियों की बहुसंख्यक बस्तियों और डेरों के आसपास नजर रखने को कहा है।
दरअसल, 25 अगस्त को कोर्ट से डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम पर लगे यौन शोषण के मामले में फैसला आना है। जानकारों का मानना है कि मामले में डेरा प्रमुख के खिलाफ फैसला आने की संभावना ज्यादा हैै। इसी को देखते हुए हरियाणा और पंजाब में पहले ही पुलिस बंदोबस्त कर दिए गए हैं।
दोनों ही प्रदेशों की पुलिस ने हिमाचल में भी डेरा अनुयायियों पर नजर रखने की गुजारिश की थी। दलील थी कि दोनों प्रदेशों में मौजूद डेरा अनुयायियों की गतिविधियों पर तो नजर रखी जा रही है लेकिन, हिमाचल खासकर निचले इलाके के जिलों में मौजूद डेरा अनुयायियों की गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
आशंका थी कि हिमाचल से डेरा अनुयायी बड़ी संख्या में कोर्ट के फैसले के बाद कोई आंदोलन या प्रदर्शन न करें। इसी को देखते हुए प्रदेश के खुफिया विभाग ने सभी जिलों के एसपी व जिला खुफिया इकाइयों को अलर्ट रहने को कहा है।
माना जा रहा है कि अगर प्रदेश से डेरा अनुयायियों का मूवमेंट हुआ तो प्रदेश पुलिस इसकी जानकारी पड़ोसी राज्यों को दे देगी ताकि, वह अपने यहां सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर सकें। साथ ही अगर हिमाचल में भी कोई प्रदर्शन होने की संभावना दिखी तो पुलिस पहले से उसे रोकने और नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद रहेगी।