किसानों की सफलता की कहानियां की जाएंगी तैयार संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कृषि विभाग के निदेशक आईएएस कुमुद सिंह ने मंगलवार को शिमला जिले के विकास खंड बसंतपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण भी किया।
निदेशक ने सभी योजनाओं का उचित डॉक्यूमेंटेशन (दस्तावेजीकरण) करने और योजनाओं से लाभान्वित किसानों की सफलता की कहानियां तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने दौरे में वर्तमान में क्रियान्वित हो रहे कंपोजिट सोलर फेंसिंग का निरीक्षण किया और पहले से लगी सोलर फेंसिंग से लाभान्वित किसानों से सुझाव प्राप्त किए। कृषि विभाग के सुन्नी स्थित फार्म का दौरा भी किया तथा वहां किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त मृदा संरक्षण द्वारा निर्मित कृषि सिंचाई तकनीकों का निरीक्षण किया।
उन्होंने ई-देहाती के बसंतपुर स्थित कलेक्शन सेंटर का दौरा किया और कंपनी के सीईओ से विभिन्न गतिविधियों तथा कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर संस्था से जुड़ी कृषि दीदियों से भी मुलाकात की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। निदेशक ने कृषि विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए किसानों के हित में लगातार कार्य करते रहने के निर्देश दिए। इस दौरे में कृषि उपनिदेशक डॉ. अजब कुमार नेगी और उनकी पूरी टीम उपस्थित रही।