मजदूरों ने कंपनी के खिलाफ किया प्रदर्शन
- फोटो : संवाद
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर कैंची मोड़ टनल के पास हुए हादसे के बाद दूसरे दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में मजरों ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया और काम बंद किया। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें कोई भी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते हैं।
यही नहीं कंपनी की ओर से निर्माण कार्य में लगे अधिकतर मजदूरों को पहचान पत्र, पीएफऔर बीमा की सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। बता दें, पिछले कल कैंची मोड़ पर टनल नंबर एक के दूसरे छोर पर बाहर की तरफ मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। उसी दौरान अचानक एकाएक ऊपर से भारी भरकम मलबा और कंक्रीट गिर गया। इसकी चपेट में दो मजदूर आ गए थे।
इनमें से एक मजदूर दर्दनाक मौत हो गई थी,जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे नाराज मजदूरों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए कंपनी के महाप्रबंधक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एकत्रित हुए मजदूरों को शांत करने प्रयास किया है, लेकिन मजदूरों ने इसके बावजूद भी काम ठप रखा।