बिजली गुल होने से नेटवर्क ठप, पॉश मशीनें न चलने से डिपो में नहीं हो पा रहा है राशन का वितरण
विज्ञापन
क्रॉसर
लोगों ने प्रदेश सरकार से की राहत दिलाने की मांग
चौपाल, रोहड़ू, रामपुर, नेरवा और कुपवी में दिक्कत अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
शिमला। जिले के कई इलाकों में डिपुओं से राशन न मिलने के कारण लोगों को अब खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। बर्फबारी के चलते ऊपरी शिमला के कई इलाकों में पांच दिन से बिजली गुल है। इसके अलावा सर्वर और नेटवर्क की भी समस्या आ रही है। डिपो में हालांकि राशन है लेकिन वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है।
सड़कें बंद होने से कई लोग 23 जनवरी के बाद राशन नहीं ले पाए हैं। अब यह लोग राशन के लिए डिपो में पहुंच रहे तो इन्हें सामान नहीं मिल रहा। इसके चलते इन्हें बाजार से महंगी दरों पर सामान खरीदना पड़ रहा है। अब महीने के अंतिम चंद दिन बचे हैं। ऐसे में लोगों को जनवरी महीने का राशन कोटा लैप्स होने का भी डर सता रहा है। जिले के चौपाल, कुपवी, रोहड़ू, जुब्बल कोटखाई, रामपुर, नेरवा के कई इलाकों में बर्फबारी के चलते बिजली आपूर्ति बाधित है। इन इलाकों में सभी उपभोक्ताओं को राशन न मिलने की शिकायतें भी पहुंचने लगी हैं। हिमाचल किसान सभा ने सरकार से इस मामले में राहत की मांग की है।
विज्ञापन
सभा का कहना है कि बर्फबारी वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से मिलने वाले राशन में विशेष छूट दी जाए। कसुम्पटी, मशोबरा की क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष जय शिव ठाकुर और सचिव दलीप सिंह ने कहा कि भारी बर्फबारी के चलते अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गुल है। मौसम में खराबी के चलते ई-पॉस मशीनें नहीं चल रही हैं। इससे लोगों को सस्ता राशन नहीं मिल रहा। लोग ठिठुरती ठंड में दूर-दराज क्षेत्रों से डिपो में राशन लेने आ रहे हैं लेकिन मशीनें न चलने के कारण राशन नहीं मिल रहा।
अगले महीने नहीं मिलेगा जनवरी का कोटा
सरकारी नियमों के अनुसार महीने की 30 तारीख तक ही राशन वितरण किया जाता है। यदि कोई उपभोक्ता किसी तकनीकी, प्राकृतिक या यातायात कारण से समय पर राशन नहीं ले पाता तो उसका राशन कोटा लैप्स हो जाता है। अगले माह पिछला राशन नहीं दिया जाता। इससे गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों पर दोहरी मार पड़ रही है।
केंद्र से राहत की करेंगे मांग
केंद्र सरकार के निर्देश पर हर महीने राशन का वितरण किया जाता है। अगले महीने पिछला राशन कोटा नहीं मिलता। यदि ग्रामीण इलाकों में बर्फबारी के चलते राशन लेने में परेशानी आ रही है तो इस बारे में केंद्र सरकार से राहत की मांग की जाएगी। अभी इस बारे में विभाग के पास कोई शिकायत नहीं आई है।
-नरेंद्र धीमान, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक