प्रदेश के सभी जिलों में रहने वाले कामकाजी, नौकरीपेशा लोग जो अपनी उच्च शिक्षा को जारी रखना चाहते है, वे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षण संस्थान (इक्डोल) के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। यूजीसी के डिस्टेंस एजूकेशन ब्यूरो(डेब) के नए नियमों में संस्थान के कार्यक्षेत्र को सीमित किए जाने से उपजी समस्या का सरकार की ओर से समाधान किए जाने बाद जल्द इक्डोल में जनवरी सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो रही है। प्रदेश के सभी बारह जिलों के इच्छुक और पात्र विद्यार्थी इक्डोल की ओर से संचालित किए जा रहे यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश ले सकेंगे। इक्डोल अपने प्रदेश भर के छात्रों के लिए पहले की तरह स्टडी सेंटर और परीक्षा केंद्र स्थापित करेगा। प्रदेश सरकार ने 12 जनवरी को इक्डोल के कार्यक्षेत्र को पहले की तरह सभी बारह जिलों तक रखे जाने की अनुमति देकर इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी थी।
इस पर विवि प्रशासन और इक्डोल प्रशासन ने अब जनवरी-2023 के लिए यूजी, पीजी कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर दी हैं। जल्द प्रवेश के लिए आवेदन करने को पोर्टल खुल जाएगा। इसके माध्यम से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आने वाले सात जिलों और सरदार पटेल विश्वविद्यालय में आने वाले पांच जिलों में रहने वाले छात्र प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। उनके लिए इक्डोल उनके जिलों में स्टडी सेंटर और परीक्षा केंद्र स्थापित करेगा। उन्हें पहले की तरह ही हर तरह की सुविधाएं जारी रखेगा। इक्डोल में वर्तमान में करीब 15 हजार छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे है। जनवरी सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने पर यह आंकड़ा और अधिक बढ़ जाएगा ।
डेब के नियमों में सात जिलों तक सिमट गया था इक्डोल का कार्यक्षेत्र
यूजीसी के डिस्टेंस एजूकेशन ब्यूरो (डेब) के दूरवर्ती शिक्षण संस्थानों के लिए बनाए नियमों के तहत प्रदेश में एक और राज्य पुस्तकालय सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी खुलने और इसके तहत पांच जिलों के लिए जाने से एचपीयू इक्डोल का कार्यक्षेत्र सात जिलों तक सिमट गया था। इस कारण एचपीयू ने सात जिलों में ही अपने स्टडी सेंटर और परीक्षा केंद्र स्थापित करने का निर्णय ले लिया लिया था। अन्य जिलों की ओर से कार्यक्षेत्र पहले की तरह रखे जाने की मांग और एचपीयू के अधिकारियों की ओर से सरकार के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद इक्डोल का कार्यक्षेत्र सभी बारह जिलों में पहले की तरह रखे जाने की अनुमति देकर अधिसूचना जारी की। विवि के प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश ने माना कि सभी बाहर जिलों के छात्रों के लिए इक्डोल के जनवरी सत्र के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा।