जिला प्रशासन ने किन्नौर में तीन कंटेनमेंट जोन घोषित किए हैं। इनमें भावानगर, दूसरा रिकांगपिओ और तीसरा जंगी क्षेत्र शामिल है। सभी जवान क्वारंटीन किए गए थे। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने दी। उधर, सीएमओ डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जंगी में 17 जवान कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सभी आईटीबीपी कैंप में क्वारंटीन थे। सभी जवान 43वीं बटालियन ज्यूरी के हैं। ये जम्मू से आए हैं।
जम्मू-कश्मीर और रायपुर से लौटे हैं जवान
एसडीएम कल्पा अवनिंद्र कुमार ने बताया कि चार जवान जम्मू-कश्मीर के हलवाड़ा क्षेत्र और एक रायपुर से रिकांगपिओ पहुंचा है। आईटीबीपी के जितने भी जवान जो बाहर से आए हैं, उनको आईटीबीपी ने अपने कैंपस में ही संस्थागत क्वारंटीन कर रखा था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी रिकांगपिओ डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि पांचों जवान कैंपस में क्वारंटीन होने से सामुदायिक संक्रमण की कम संभावना है। लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इन पांच जवानों का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है और जरूरत पड़ने पर ही कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा।
वहीं, जिला शिमला में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले के ज्यूरी में आईटीबीपी के छह जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। गौर हो कि 23 जून को आईटीबीपी की 43वीं वाहिनी के ये सभी जवान घरों से छुट्टी काट कर ज्यूरी पहुंचे थे। ज्यूरी में इन सभी को संस्थागत कवारंटीन सेंटर में रखा गया था। कुल 55 जवानों के सेंपल जांच के लिए शिमला भेजे गए थे, जिनमें से 6 जवानों की रिपोर्ट पॉजीटिव पाई गई है।
रिपोर्ट की सूचना मिलते ही एसडीएम नरेंद्र चौहान, बीएमओ आरके नेगी, नायब तहसीलदार सराहन प्यारे लाल नेगी और आईटीबीपी के अधिकारी कोरोना सेंटर पहुंचे और कोरोना संक्रमित सभी जवानों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा भेजने की तैयारियों में जुट गए। ज्यूरी क्षेत्र के कवारंटीन सेंटरों से पहले एक जवान और एक स्थानीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आ चुकी है। तीसरी बार एक साथ छह जवानों के कोरोना संक्रमित आने से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल भी है।
ज्यूरी क्षेत्र में कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन करवाने की भी सख्त जरूरत है। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि ज्यूरी से आईटीबीपी के 55 जवानों के कोरोना जांच को जो सेंपल भेजे गए थे, उनमें से छह जवानों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। सभी संक्रमित जवानों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा भेजा जा रहा है। उधर, बीएमओ रामपुर आरके नेगी ने बताया कोरोना पॉजीटिव जवानों को शाम तक कोरोना अस्पताल शिफ्ट करने की तैयारियां की जा रही हैं। जवानों को ऐंबुलेंस के जरिए कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है।
एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने शिमला से लेकर रामपुर की सीमा पर एनएच पांच किनारे स्थित दुकानदारों और ढाबा संचालकों को हिदायत दी है कि वे सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों या फिर वाहनों में सफर करने वाले लोगों से मिलते समय कोरोना संक्रमण से बचने की सभी ऐहतियातों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से दुकानदारों और ढाबा संचालकों को व्यापक प्रबंध करने की अपील की है।