हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने उत्तरी रेंज धर्मशाला की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अदिति सिंह के बार-बार छुट्टी पर जाने के कारण कार्यालय के कामकाज पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए उनके कार्यों की देखरेख के लिए नई व्यवस्था लागू की है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी की ओर से सोमवार को जारी आदेशों के अनुसार पिछले तीन महीनों के दौरान अदिति सिंह की छुट्टियों का विवरण चिंताजनक पाया गया।
रिकॉर्ड के मुताबिक, जनवरी और फरवरी 2026 के बीच वे कई बार आकस्मिक अवकाश, मेडिकल अवकाश और अर्जित अवकाश पर रहीं। इसके अलावा दिसंबर 2025 में भी वह एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण एक सप्ताह से अधिक समय तक मुख्यालय से बाहर थीं।
कार्यालय के सुचारू संचालन और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रह्म दास भाटिया पुलिस अधीक्षक की अनुपस्थिति में उनका काम देखेंगे। भाटिया अदिति सिंह की अनुपस्थिति के दौरान उनके सभी कार्य देखेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।