शिमला। ढली थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलवंत सिंह पुत्र स्वर्गीय बीर सिंह गांव सांगी पोस्ट ऑफिस बगस्याड़ (34) के रूप में हुई है। हादसे में राकेश कुमार (24) बगस्याड़ निवासी घायल हआ है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक नींद की झपकी आने के कारण चालक गाड़ी नियंत्रण नहीं कर पाया और हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करसोग के बगस्याड़ से मटर लेकर एक गाड़ी सोलन की तरफ जा रही थी। इसमें दो लोग सवार थे। मशोबरा से करीब चार किलोमीटर पहले तारापुर के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब सौ मीटर नीचे जा लुढ़की। सूचना मिलते ही मशोबरा चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक एक व्यक्ति दम तोड़ चुका था, जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। एएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की तफतीश कर रही है।
पहले नींद पूरी करें, फिर करें सफर
मशोबरा के पास हुए इस सड़क हादसे में मृतक बलवंत अपने पीछे पत्नी समेत मासूम बेटी और बेटा छोड़ गया। घर पर एक छोटा भाई है। पुलिस के मुताबिक हादसा जिस जगह पर पेश आया है, वहां खुला मोड़ है और हादसे होने की आशंका नामात्र है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। इधर, पुलिस ने चालकों से आग्रह किया है कि सब्जियों के सीजन में रात-दिन लगातार गाड़ी चलाने से बचें। पहले नींद पूरी करें, उसके बाद सफर करें।