शिमला जिले के उपमंडल चौपाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बमटा में जीप खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोगों को चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पेश आया, जब जीप में सवार चार लोग झिकनीपुल की ओर जा रहे थे। इसी बीच जब गाड़ी बमटा के समीप पहुंची तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी खाई में लुढ़क गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया जबकि अन्य घायल चालक की चौपाल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। वाहन मालिक को हादसे में मामूली चोटें आई हैं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मृतकों की पहचान मनोज कुमार पुत्र प्रकाश चंद गांव ममवी, डाकघर बमटा, तहसील चौपाल और कुलदीप पुत्र भीम सिंह गांव शंगडोली, डाकघर बमटा के रूप में हुई है। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने कहा कि मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस-दस हजार रुपए की राशि दी गई है। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने बताया पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।